झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। इस बीच अलग-अलग राजनीतिक दलों ने घोषणापत्र जारी किए हैं। इनमें एक नाम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन का भी जुड़ गया है। रविवार को पार्टी ने राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि क्षेत्र में मुफ्त बिजली के लिए लड़ने का वादा किया है।
भाकपा-माले लिबरेशन, जो कि इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, ने झारखंड की 81 सीटों में से चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी को पहले गठबंधन में तीन सीटें दी गई थीं। हालांकि, धनवाड़ विधानसभा क्षेत्र में भाकपा-माले ने झामुमो के खिलाफ एक प्रत्याशी उतारने का फैसला किया।
अपने घोषणापत्र में पार्टी ने कहा कि वह झारखंड को कॉरपोरेट का शिकार नहीं बनने देगा। भाकपा-माले ने कहा, "औद्योगिक अधिग्रहण और कॉरपोरेट टसरकारी की नीतियों ने विस्थापन का संकट खड़ा कर दिया और बेरोजगारी को विस्फोटक स्तर का बना दिया है।"
पार्टी ने किसानों की जमीन हड़पे जाने के खिलाफ लड़ाई का भी वादा किया। घोषणापत्र में कहा गया है कि पार्टी कृषि क्षेत्र के लिए मुफ्त बिजली के लिए लड़ेगी और ग्राम सभाओं को मजबूत करने के लिए काम करेगी।