अभिनेता सलमान खाने के खिलाफ जोधपुर की निचली अदालत में चल रहे कांकाणी काले हिरण शिकार मामले में अगले महीने फैसला आ सकता है। इस मामले की अंतिम बहस 1 मार्च से शूरू हो जाएगी। अदालत में बुधवार को सलमान खान ने अपने बचाव में सबूत पेश नहीं किए। अदालत ने माना कि सलमान सहित अन्य आरोपियों के पास बचाव में कोई सबूत नहीं हैं। इस मामले में सलमान के साथ सलमान, सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे, नीलम और तब्बू भी आरोपी हैं।
गौरतलब है कि इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (जोधपुर जिला) ने गत 27 जनवरी को सलमान सहित सभी अभिनेता-अभिनेत्रियों को आरोप सुनाए गए थे। इस दौरान सभी ने अपने खिलाफ आरोपों को नकार दिया था। सलमान खान ने अपने बचाव में सबूत पेश करने के लिए अदालत से गुजारिश की थी, जिसे मानकर अदालत ने 15 फरवरी तारीख दी थी। लेकिन किसी की भी ओर से अपने बचाव में कोई भी सबूत पेश नहीं किए गए। अंतिम बहस में सरकारी वकील और बचाव पक्ष के वकील अपने-अपने तर्क रखेंगे।
यह है मामला
फिल्म हम साथ-साथ हैं की शूटिंग के दौरान एक अक्टूबर 1998 की रात कांकाणी गांव में दो जगह 2 काले हिरणों का शिकार किया गया था। इस मामले में सलमान सहित अन्य अभिनेता-अभिनेत्री आरोपी हैं। गोली की आवाज सुन जब गांववाले मौके पर पहुंचे, तो मौके से दो काले हिरणों के शव बरामद हुए। आरोपी भाग चुके थे।