पीएम नरेंद्र मोदी ने जयपुर में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया आज भारत को बहुत उम्मीदों से देख रही है। वहीं, भारत में भाजपा के प्रति जनता का विशेष स्नेह है। जनता भाजपा को बहुत विश्वास और उम्मीद से देख रही है। उन्होंने पार्टी नेताओं को 25 साल की कार्ययोजना बनाने का लक्ष्य दिया और इसके साथ ही अपनी जुबान फिसलने न देने की नसीहत भी दी।
एनडीए सरकार के 8 साल पूरे होने पर यह कहा
पहले दिन पार्टी महासचिवों ने पेश की रिपोर्ट
भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक के साथ शुरू हुई। बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के वयोवृद्ध नेता रहे कुशाभाऊ ठाकरे और सुंदर सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। पहले दिन बैठक में भाजपा महासचिवों ने अपने प्रभार वाले राज्यों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की। इस पर नड्डा ने उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारी, राज्यों के पार्टी प्रमुख और संगठनात्मक सचिवों समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि तीन दिनी बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर ध्यान देने के अलावा इस साल और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
इन राज्यों में होंगे 2023 में चुनाव
इस साल के अंत में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी तरह अगले साल छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, मेघालय, मिजोरम और नगालैंड में अगले साल चुनाव होंगे। बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा होगी। हिमाचल प्रदेश पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह राज्य है तो गुजरात पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का। इसलिए इन दोनों राज्यों में भाजपा सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक देगी। गुजरात तो बीते 22 सालों से भाजपा का गढ़ है। हाल ही में हार्दिक पटेल के इस्तीफे से राज्य में कांग्रेस और कमजोर हुई है। हालांकि, अभी हार्दिक ने भाजपा में शामिल होने को लेकर फैसला नहीं किया है।