जेपी की जयंती पर जुटेंगे कई भाजपाई दिग्गज
- फोटो : सोशल मीडिया
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 120वीं जयंती को लेकर भाजपा उत्साहित है। इस माध्यम से खासतौर पर बिहार और यूपी की जनता को साधने की तैयारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज जेपी की जन्मस्थली सिताब दियारा पहुंच रहे हैं, उनके साथ ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई दिग्गज नेता, केंद्रीय मंत्री व सांसद भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। ऐसे में कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
कार्यक्रम के तहत गृहमंत्री शाह सिताब दायरा में जयप्रकाश नारायण की मूर्ति का अनावरण करेंगे और इस प्रतिमा को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया जाएगा। शाह के अलावा योगी आदित्यनाथ भी यहां होने वाली जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। माना जा रहा है कि यहां पर इतनी बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं का जमावड़ा बिहार और यूपी के सियासी समीकरणों को और मजबूत करने के लिए है।
किसानों को कार्यक्रम में लाने की तैयारी
पूरे कार्यक्रम को लेकर बिहार भाजपा में बड़ा उत्साह है। कार्यक्रम को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां भी की गई हैं। इस दौरान बड़ी भीड़ जुटने की संभावना है। खास तौर पर किसानों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की तैयारी है। गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं की सौगात भी दी। लोकनायक जयप्रकाश स्मृति भवन पुस्तकालय, सिताब दियारा से मेन रोड तक नई सड़क का लोकार्पण करने के साथ ही उन्होंने यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की भी घोषित की।