बिहार बोर्ड ने टॉपर्स पर कार्रवाई करते हुए दो टॉपर्स के रिजल्ट को रद्द कर दिया है। जिन दो टॉपर्स के रिजल्ट को रद्द किया गया है उसमें बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा में टॉपर रहे सौरभ और एक अन्य छात्र शामिल है। जबकि बोर्ड ने आर्ट टॉपर रूबी को एक और मौका देने का मन बनाया है।
वहीं बोर्ड ने वैशाली के विशुन राय कालेज जहां से ये दोनों छात्र आते हैं कि मान्यता रद्द कर दी है। गौरतलब है कि शुक्रवार को जब उनका रीटेस्ट होना था तब सारे छात्र-छात्राएं गायब हो गए। ऐसे में उन पर उठ रहे सवाल और संदेह और गहरा गए थे। माना जा रहा था कि पुर्नपरीक्षा से गायब रहने वाले छात्रों पर बोर्ड कड़ी कार्रवाई कर सकता है। उल्लेखनीय है कि बिहार बोर्ड की 12वीं परीक्षा के आर्ट और साइंस के टॉपरों की योग्यता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे।
रिजल्ट आने के बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को दिए इंटरव्यू में आर्ट साइड की टॉपर छात्रा रूबी राय अपने विषयों तक की जानकारी सही से नहीं दे सकी थी। पॉलीटिकल साइंस को उसने भोजन बनाने का विषय बताया था तो अपने अंकों के बारे में भी गलत जानकारी दी थी। वहीं साइंस के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ केमिस्ट्री के साधारण से सूत्र में उलझकर रह गए थे। आर्ट और साइंस में टॉप करने वाले दोनों छात्र-छात्रा वैशाली के विशुन राय कालेज में पढ़ते थे।
मीडिया में दोनों टॉपरों का इंटरव्यू जारी होने के बाद बोर्ड ने आर्ट और साइंस के साथ ही कॉमर्स के कुल 14 टॉपरों का रिजल्ट रोकते हुए दोबारा उनकी परीक्षा करवाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को सभी छात्रों की दोबारा परीक्षा होनी थी। इसके लिए तैयारियां भी की गईं थी लेकिन सभी छात्र परीक्षा से नदारद रहे।