सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के मामले में पुलिस को उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब मामले के मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे शहाबुद्दीन के खास लड्डन मियां ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस को शक है कि शहाबुद्दीन के इशारे पर लड्डन मियां ने ही राजदेव की हत्या की सुपारी दी थी। इससे पहले पकड़े गए पांच आरोपियों ने भी मामले में लड्डन मियां का नाम लिया था।
पत्रकार हत्याकांड में पुलिस सरगर्मी से लड्डन मियां की तलाश कर रही थी, इसी बीच उसने गुरुवार सुबह सीवान कोर्ट में सरेंडर कर दिया। यहां से कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सरेंडर के दौरान लड्डन मियां ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उसका इस हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। लड्डन ने दावा किया न तो वह राजदेव को जानता था न ही उससे कभी मिला था। इस सवाल पर कि पकड़े गए पांच शूटरों ने उसका नाम लिया है, इस पर लड्डन ने उनके संबंध में भी कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया।
बता दें कि सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की बीते दिनों गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले का शक सीवान जेल में बंद रहे राजद महासचिव बाहुबलि शहाबुद्दीन पर जताया गया था। कुछ दिन पहले पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। बताया गया था कि पांचों भागलपुर जेल में बंद शहाबुद्दीन के शार्प शूटर हैं। इसके बाद से ही पुलिस को लड्डन मियां की भी तलाश थी। पुलिस को शक था कि उसी ने पत्रकार की हत्या की सुपारी दी है। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त बाइक और हथियार भी बरामद किए थे।
#WATCH: Laddan Miyan, key accused in Journalist Rajdeo Ranjan murder case & close aide of Shahabuddin, surrendershttps://t.co/P11KgKyJ7x— ANI (@ANI_news) June 2, 2016