तेलंगाना में 7 दिसंबर को 119 सीटों के लिए मतदान होना है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और अलग-अलग तबकों को लुभाने का प्रयास कर रही हैं। इन सब में युवा वर्ग एक ऐसा तबका है जो नौ महीने पूर्व हो रहे इस विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
चुनाव आयोग द्वारा जारी दूसरे विशेष संसोधित सारांश (एसएसआर) से पता चला है कि आगामी विधानसभा चुनाव में 5.75 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि पहली बार मतदान करने वाले इन युवाओं में ज़्यादातर की उम्र 18 से 19 साल के बीच है। इन युवा मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 3.22 लाख जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 2.53 लाख है।
इसके अलावा इनमें 113 मतदाता थर्ड जेंडर से भी ताल्लुख रखते हैं। तेलंगाना के कुल 2.73 करोड़ मतदाताओं में 17,68,873 लाख मतदाता नए जुड़े हैं जबकि 5,87,046 लाख मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है। इस तरह मतदाता सूची में कुल 11,81,827 लाख की वृद्धि हुई है। चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा है और मतदाताओं को जागरूक करने का हर संभव प्रयास कर रहा है।
तेलंगाना में कुल 32,574 मतदान केंद्र हैं। इन मतदान केंद्रों में से 51% केंद्र ऐसे हैं जहां केवल एक ही पोलिंग बूथ है जबकि 3.15% मतदान केंद्रों में पांच या पांच से अधिक पोलिंग बूथ हैं। बता दें कि विधानसभा चुनावों के परिणाम 11 दिसंबर को सामने आएंगे।