मध्य प्रदेश के खंडवा में एक आदमी ने अपनी सास को इसलिए पीट-पीट कर मार डाला, क्योंकि खाने में उसे गर्म रोटी नहीं परोसी गई थी। यह घटना बिल्लौरा गांव के पास सोमवार की रात को घटी। जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर ओंकारेश्वर के मंधाता पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जगदीश पटीदार ने बताया कि आरोपी की उम्र 35 साल है और मृतक सास की उम्र 55 साल।
उन्होंने बताया कि आरोपी का नाम सुरेश है, जो धामनोद इलाके का रहने वाला है। यह आदमी अपनी शादी के बाद से ही ससुराल में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला का नाम गूजर बाई है।
इस मामले पर मृतक महिला के पति ने बताया कि सोमवार देर रात को सुरेश अपने घर वापस लौटा था, तब तक उसकी पत्नी सो चुकी थी। ऐसे में सुरेश की सास ने उसे खाना परोसा।
पुलिस ने बताया की सुरेश ने अपनी सास से खाने में गर्म रोटियां मांगीं, लेकिन जब सास ने उसे गर्म रोटी देने से मना कर दिया तो उसे गुस्सा आ गया। इसके बाद गुस्साए सुरेश ने अपनी सास से बहस करनी शुरू कर दी और फिर गुस्से में आकर उसने लाठी से सास को पीट-पीट कर मार दिया। इसके बाद वो वहां से भाग निकला।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पिटाई के दौरान गूजर बाई की चीख-पुकार सुनकर उसका पति नानूराम और घर के अन्य परिजन वहां उसे बचाने के लिए आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मंगलवार सुबह को महिला के पति नानूराम ने अपने दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मंगलवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया और अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।