मुजफ्फरपुर में दिमारी बुखार से पीड़ित बच्चा
- फोटो : PTI
उत्तर बिहार के बच्चों पर दिमागी बुखार का कहर जारी है। मंगलवार तक केवल मुजफ्फरपुर में 30 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि बीते 11 दिनों में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 60 हो गई है। नए भर्ती बच्चों को मिलकर 154 पीड़ित सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बिहार के 12 जिलों के 222 प्रखंड दिमागी बुखार से प्रभावित बताए गए हैं। मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली, शिवहर और पूर्वी चंपारण में इसका ज्यादा प्रकोप देखा जा रहा है।
मुजफ्फरपुर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल कुमार के अनुसार, श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अबतक 23, जबकि केजरीवाल अस्पताल में सात बच्चों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बच्चों की हो रही मौतों पर दुख जताया है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में एक कार्यक्रम में पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सात सदस्यीय टीम का गठन कर मुजफ्फरपुर भेजा गया है। टीम इस बीमारी का अध्ययन करेगी।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने बताए मौत के अन्य कारण
मौतों के पीछे के कारणों के बारे में पूछे जाने पर स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि ज्यादातर मौतें गरीब परिवारों के बच्चों और कुपोषण का शिकार बच्चों की हो रही हैं। भीषण गर्मी, शरीर में पानी की कमी, ब्लड में ग्लूकोज लेवल और खाली पेट सोने के कारण भी मौतें हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों के लिए ओआरएस के पैकेट बांटे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी अस्पतालों से मदद लेने की अपील की है।