मुंबई में कोरोना महामारी लगातार भयावह होती जा रही है। जिस देश में घातक कोरोना वायरस पैदा हुआ और उससे पूरी दुनिया संक्रमित हुई, मुंबई ने उस चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। कोरोना संक्रमण के मामले में मुंबई में चीन से ज्यादा मौतें हुई हैं और मरीज भी बढ़े हैं।
मौजूदा समय में चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक अंक में आ रहे हैं, जो कि एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में संक्रमित हो रहे नए मामलों से भी कम हैं। चीन में जहां मौजूदा समय में 403 संक्रमित हैं, वहीं मुंबई में 23732 एक्टिव मरीज हैं।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में घातक कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मरीजों के स्वस्थ होने के मामले में काफी सुधार आया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अनुसार 6 जुलाई को 1201 नए मरीज सामने आए थे जबकि 1269 मरीज स्वस्थ हुए और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज दिया गया।