कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिलिंद देवड़ा ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने पत्र में मुंबई के झुग्गीवासियों को 500 वर्ग फुट का मकान आवंटित करने के राहुल गांधी के 2019 के चुनावी वादे के को प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किए जाने को लेकर बात कही है।
देवड़ा ने सोनिया गांधी से महाराष्ट्र विकास अघाडी (शिवसेना, राकांपा, कांग्रेस) शासित राज्य में एक तंत्र स्थापित करने का अनुरोध किया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि प्रदेश सरकार लोगों से किए गए कांग्रेस के चुनावी वादों को पूरा कर सके।
देवड़ा ने 24 जनवरी को लिखे अपने पत्र में कहा है कि उनकी सलाह पर मार्च 2019 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक रैली में कहा था कि यदि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में सत्ता में आएगी तो झुग्गी और खस्ताहाल भवन पुनर्वास योजनाओं के तहत 500 वर्ग फुट का मकान आवंटित किया जाएगा।
जबकि महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने शिवसेना नीत सरकार में असंतोष की धारणा को खारिज कर दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री थोराट का बयान ऐसे वक्त आया है जब उनकी ही पार्टी के मिलिंद देवड़ा ने 2019 में राहुल गांधी के चुनावी वादे पर 'धीमी प्रगति' को लेकर पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है ।
थोराट ने कहा कि अगर देवड़ा चाहेंगे तो वह उन्हें साझा न्यूनतम कार्यक्रम (सीएमपी) में दर्ज पहल के क्रियान्वयन के साथ ही वास्तविक स्थिति के बारे में बताएंगे । उन्होंने कहा कि महा विकास अघाडी (एमवीए) राज्य में सरकार बनाने के पहले तय साझा न्यूनतम कार्यक्रम के मुताबिक काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार कृषि कर्ज माफी और गरीबों को सस्ती दर पर भोजन मुहैया कराने जैसे मुद्दों पर भी काम कर रही है। थोराट ने कहा कि हम इन मुद्दों पर काम कर रहे हैं। तीनों दलों का एक साझा कार्यक्रम है, किसी एक पार्टी का कार्यक्रम नहीं है। अगर देवड़ाजी इसे देखेंगे तो वह इसे समझेंगे।