देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी शहर की अपेक्षा उत्तम दर्जे की मानी जाती हैं। लेकिन कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या से मुंबई अप्रत्याशित तौर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकालीन संकट के कगार पर पहुंच गई है।
कोरोना टास्कफोर्स के सदस्य डॉ. शशांक जोशी का कहना हैं कि महानगर में कोरोना संक्रमण का यह उच्च दौर है। आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयानक हो सकती है। फिलहाल, मृत्युदर 3.33 फीसदी है।
सुकून की बात यह है कि केंद्र ने जो आंकड़े बताए थे उससे संख्या अभी कम है। लेकिन मुंबई में हर दिन न्यूयार्क से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। मौत का आंकड़ा बेशक उतना नहीं है। लेकिन कुल मिलाकर तस्बीर काफी खराब है।
एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में अप्रैल के पहले सप्ताह में एक सफाईकर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया था। उसके बाद से इस साढ़े सात लाख की आबादी कोरोना की चपेट में है।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि धारावी में ठीक होने की दर 39 फीसदी है जबकि मृत्युदर 4 फीसदी है जो शहर और राज्य की तुलना में अधिक है।
मुंबई में कोरोना संक्रमण के चलते आसपास की 5 महानगरपालिका क्षेत्र का भी बुरा हाल है। इनमें ठाणे, मीरा-भाइंदर, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली और उल्हासनगर महानगरपालिका शामिल है। मुंबई के अस्पतालों और पुलिस थाने में कार्यरत ज्यादातर लोग इन्ही महानगरपालिका क्षेत्र में रहते हैं। उनसे लोग संक्रमित हो रहे हैं।
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त चंद्रकांत डांगे कहते हैं कि अब तक जितने संक्रमित मिले हैं उनका कहीं न कहीं मुंबई कनेक्शन सामने आया है। यदि मुंबई कनेक्शन खत्म हो जाए तो एक हफ्ते में कोरोना पर नियंत्रण पा सकते हैं।
कोरोना टॉस्कफोर्स के अध्यक्ष डॉ. संजय ओक का कहना है कि मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है लेकिन उतनी ही तेजी के साथ मरीज स्वस्थ्य भी हो रहे हैं। मुंबई में मरीजों की संख्या को देखते हुए बीएमसी और सरकारी अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाने के साथ ही फील्ड अस्पताल भी बनाया जा रहा है।
मुर्दाघर में भी जगह नहीं बची। दाह संस्कार के लिए श्माशान भूमि में 8 घंटे बाद नंबर आ रहे हैं। केईएम, सायन के बाद घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल में कोरोना मरीजों के बीच शव पड़े रहने का वीडियो वायरल हुआ है।