स्थानीय लोगों से मामले की पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सतना शहर के बाहरी छोर से होकर गुजरने वाली बाणसागर की लोवर पुरवा नहर में रविवार को एक युवक डूब गया। उसकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के अलावा एसडीआरएफ की टीम भी नहर में उतर गई है। हालांकि अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक, सतना शहर के बायपास के किनारे से कृपालपुर होकर जाने वाली बाणसागर की लोवर पुरवा नहर के पानी में एक युवक रविवार की दोपहर डूब गया। उसकी पहचान सोनू कश्यप (22) निवासी मुजफ्फर नगर दिल्ली के रूप में हुई है। वह स्थाई तौर पर तो दिल्ली का रहने वाला था, लेकिन पिछले काफी समय से यहां कटिया दाल मिल में रह कर काम करता था।
बताया जा रहा है कि वह रविवार को नहर के पानी में नहाने गया था। तभी दुर्घटनावश उसका पैर फिसला और वह पानी में गिरकर डूबने लगा। उस वक्त नहर में पानी भी खूब था और बहाव भी था, जब तक लोगों की निगाह पड़ी, पानी उसे बहा ले गया।
इसके बाद आनन-फानन में उसके डूबने की सूचना कोलगवां पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई। स्थानीय लोगों ने भी पानी में गोते लगाकर उसकी तलाश की, लेकिन उनके हाथ खाली ही रहे। एसडीआरएफ की टीम ने भी तलाश शुरु कर दी है। लेकिन घंटों बाद भी सोनू का कहीं कुछ पता नहीं चल सका है।