मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां एक बांध के निर्माण कार्य में जुटे मजदूर के ऊपर मिट्टी डालकर रोलर चला दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई, वहीं मजदूर की मौत की खबर मिलते ही राजनीतिक दलों ने सियासत शुरू कर दी, नतीजतन उसका शव आठ घंटे तक मिट्टी में ही दबा रहा।
बाद में मुआवजे की घोषणा होने के बाद पुलिस ने शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले में ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के छिंदवाड़ा जिले के मचगोरा में एक बांध का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य में जयराम पुत्र बुद्धू मशराम भी मजदूरी करता था। बताया जाता है रात को काम खत्म करके वह मौके पर ही सो गया, इसी दौरान उसके ऊपर मिट्टी डालकर ऊपर से रोलर चला दिया गया।
सुबह जब अन्य लोग काम पर पहुंचे तो उसका हाथ मिट्टी से बाहर निकला देखा। इसकी सूचना मिलते ही काम कर रहे अन्य मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने शव निकालने का प्रयास किया तो लोग भड़क उठे, जिसके चलते शव निकाला नहीं जा सका। आक्रोशित लोगों ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये मुआवजा दिलवाने की मांग की।