इछावर एसडीएम ऑफिस के सामने बुल्डोजर कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन करतीं बेखर महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में ‘बुलडोजर कार्रवाई’ के विरोध में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने रैली निकालते हुए इछावर एसडीएम कार्यालय तक पहुंचीं और वहां जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाएं भावुक हो गईं और रोते-बिलखते कहा कि ‘आप लोगों ने हमारे मकान-दुकान अतिक्रमण बताकर तोड़ दिए, उन पर बुलडोजर चला दिया। यदि हमने अतिक्रमण किया था तो ये हमारी मजबूरी थी। हमारे पास रहने को कोई जमीन नहीं थी। छोटा सा आशियाना हम लोगों ने बनाया था, उसे भी आपने अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया। अब हम अपने बच्चों के साथ सड़क पर आ गए हैं। हमें या तो रहने के लिए जमीन दी जाए या फिर मुआवजा दें ताकि किसी अन्य जगह पर अपना घर बना सकें’।
रोते-बिलखते हुए पीड़ित महिलाओं ने बताई अपनी परेशानी
बड़ी संख्या में महिलाएं रैली निकाल कर इछावर एसडीएम ऑफिस पहुंचीं। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बेघर हुई महिलाओं ने मुआवजा और जमीन दिए जाने की मांग को लेकर रोते बिलखते हुए एसडीएम विष्णु यादव के समक्ष अपना दर्द बयां किया। इस दौरान कई महिलाएं एसडीएम के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं। महिलाओं ने एसडीएम से कहा की ‘हम लोगों के पास रहने के लिए कोई सहारा नहीं है, जो कुछ था, उसे तोड़ दिया गया है। इसलिए अब हमें मुआवजा और जमीन दी जाए’। प्रदर्शन के बाद परेशान महिलाओं ने अपनी मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
जिला प्रशासन ने भाऊखेड़ी में बुलडोजर चला कर तोड़ दिए थे 165 मकान-दुकान
दरअसल, कुछ दिन पहले सीहोर में जिला प्रशासन ने इछावर तहसील में आने वाले ग्राम भाऊखेड़ी में 165 कच्चे-पक्के मकान और दुकानें तोड़ दी थीं। ये मकान और दुकान उस सड़क निर्माण में बाधक बन रही थीं, जिसे मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण पिछले एक साल से बनाने की कोशिश कर रहा था। तकरीबन 17 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य पिछले कुछ महीने से सिर्फ इसलिए रुका हुआ था, क्योंकि जिला प्रशासन यहां पर चिह्नित किए गए 165 अवैध निर्माणों को हटा नहीं पाया था। इसके बाद बीते दिनों जिला प्रशासन ने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की। उसी के विरोध में अब इस कार्रवाई से प्रभावित हुए परिवारों की महिलाएं अपनी परेशानी लेकर इछावर एसडीएम ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम भाऊखेड़ी में बन रही सड़क इस क्षेत्र के दो दर्जन गांवों को शहर से जोड़ने में मदद करेगी। इसलिए इस सड़क के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण पिछले एक साल से लगातार कोशिशें कर रहे थे।