मध्यप्रदेश की रहने वाली एक महिला पथरी के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती हुई तो कुछ चौंकाने वाला खुलासा हुआ। महिला की मेडिकल जांच रिपोर्ट ने डॉक्टरों को हैरान कर दिया, जांच में पता चला कि महिला के शरीर के भीतर के सभी अंग उल्टी दिशा में हैं। 45 वर्षीय दशोमति पटेल करीब एक सप्ताह पहले पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती हुई थीं। दशोमति को गॉल ब्लेडर में पथरी थी जिस कारण उसे तीन साल से उल्टियों और असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा था। जांच में पता चला कि उसका गॉल ब्लेडर सामान्य व्यक्ति की अपेक्षा उल्टी दिशा में है।
हालांकि डॉक्टरों ने शुक्रवार को दशोमति का ऑपरेशन कर उसे पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। सर्जरी विभाग के ही प्रोफेसर डॉक्टर महिम कोशरिया का कहना है कि दशोमति की सोनोग्राफी से उनके गॉल ब्लेडर में पथरी का पता चला था। इसके बाद ऑपरेशन से पहले की जाने वाली सभी जांचें की गईं जिसमें
फिटनेस के लिए चेस्ट, पेट और लीवर का एक्सरे और सोनोग्राफी शामिल थी। कोशरिया ने बताया कि रिपोर्ट में दशोमति का लीवर और पित्ताशय बाईं ओर दिखा जबकि सामान्य व्यक्ति का लीवर और पित्ताशय दाईंओर होता है।
उन्होंने कहा कि दशोमति का हार्ट भी दाईं ओर था जबकि सामान्य लोगों का हार्ट बाईं ओर होता है। उन्होंने कहा कि यह एक दुर्लभ बीमारी होती है जिसे डेक्स्ट्रोकार्डिया और साइट्स इन्वर्सेस विसेरम कहा जाता है। इस बीमारी से पीड़ित लोगों के शारीर के भीतरी अंग सामान्य व्यक्तियों की अपेक्षा विपरीत दिशा में होते हैं।