जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो मध्यप्रदेश के सागर जिले का बताया जा रहा है। यहां गांधी चौक के पास बुधवार (19 मई) को एक महिला अपनी बेटी के साथ सामान खरीदने बाजार जा रही थी। महिला ने मास्क नहीं लगा रखा था, जबकि बेटी ने दुपट्टे से मुंह ढंका हुआ था। रास्ते में पुलिसवालों ने महिला को रोक लिया और बदसलूकी करने लगे।
वायरल वीडियो में नजर आया कि पीड़ित महिला को दो पुलिसवालों ने पकड़ लिया। उसे फटकारने लगे। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थी। उसने पीड़िता को पकड़ लिया और थाने ले जाने के लिए उसे जबरन पुलिस वैन में बैठाने की कोशिश करने लगी। हालांकि, महिला वैन में बैठने का विरोध करती रही। इस दौरान बेटी ने भी अपनी मां को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुई। वहीं, पीड़िता छोड़ दो-छोड़ दो की गुहार लगाती रही, लेकिन पुलिसवालों को तरस नहीं आया।
जानकारी के मुताबिक, जब पुलिसकर्मी मास्क न लगाने वाली महिला को वैन में नहीं बैठा पाई तो उसे पीटने लगी। पहले महिला को थप्पड़ मारे गए, फिर लात-घूंसे बरसा दिए गए। इसके बाद भी पुलिसकर्मी का दिल नहीं भरा तो उसने पीड़िता के बाल पकड़ लिए और उसे सड़क पर घसीटा। इस दौरान कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे तमाशबीन बने रहे। गौरतलब है कि कोरोना की पाबंदियां लागू कराने के लिए पुलिस के सख्त रवैये का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलिस की अभद्रता के कई मामले सामने आ चुके हैं।