सीहोर: विकास कार्यों का भूमिपूजन करते सीएम चौहान
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नर्मदा जयंती के अवसर पर अपने पैतृ गांव जैत पहुंचे और ग्राम स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया, इस दौरान सीएम की पत्नी साधना सिंह और बेटे कुणाल भी उनके साथ मौजूद रहे। सीएम ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम के वृद्धजनों का शाल पहनाकर और पुष्प गुच्छा प्रदान कर स्वागत किया। ग्राम स्थापना दिवस के शुभारंभ अवसर पर सीएम ने कहा कि मेरा विचार था कि गांव का भी जन्मदिन मनाया जाना चाहिए जिसकी शुरुआत मैं अपने गांव से कर रहा हूं मैं इसी ग्राम का बेटा हूं। सीएम ने कहा कि ये गांव आप सभी का है इसलिए इसके विकास के लिए भी आपको आगे आना होगा। सरकार सिर्फ विकास काम करेगी, आप उसकी रूपरेखा बनाएं। गांव को स्वच्छ रखने के लिए उन्होंने कहा कि आप सभी कचरा सिर्फ डस्टबिन में ही फेंके। वहीं इस दौरान सीएम ने बेटे कुणाल से कहा कि तुम गांव को स्वच्छ बनाने के लिए क्या करोगे, तो कुणाल ने गांव वालों को डस्टबिन प्रदान करने की बात कही।
पर्यावरण को संतुलित बनाने के लिए सीएम ने गांव वालों से पौधरोपण करने की अपील की। सीएम ने कहा कि सड़कों, खेतों और घरों के आसपास पौधे लगाएं, ताकि पर्यावरण को बेहतर किया जा सके। वहीं उन्होंने लोगों से घरों को एक से रंग में रंगने और एक से घर बनाने की बात भी कही।
ग्राम स्थापना दिवस के शुभारंभ से पहले सीएम ने पत्नी साधना के साथ खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की दुआ मांगी। मंदिर में पूजा के बाद सीएम ने आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य स्थलों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से मुलाकात की।