MP Crime News : विदिशा में जमीन विवाद के चलते दो बेटों ने अपनी 75 साल की मां की नृशंस हत्या कर दी। वारदात में मां के शरीर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अभी फरार हैं।
विदिशा में जमीनी विवाद को लेकर कलयुगी बेटों ने अपनी ही मां की नृशंस हत्या कर दी। 75 साल की मानबाई को उसके दो सगे बेटों महाराज सिंह और रामप्रसाद ने अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला। वारदात इतनी भयावह थी कि मृतका का पूरा शरीर छलनी हो गया। पुलिस ने पूरे मामले में आठ लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। इस बीच चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अभी भी फरार हैं।
विज्ञापन
विवाद ने बीती रात खूनी रूप ले लिया
जानकारी के अनुसार, मृतका मानबाई अपने छोटे बेटे बलवंत चिढ़ार के साथ रहती थीं। परिवार में 15 बीघा जमीन को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था। छोटे बेटे और मां के कब्जे में रहने वाली जमीन के हिस्से की मांग अन्य बेटों ने की थी। इसी विवाद ने बीती रात खूनी रूप ले लिया।
हत्या से खौफ का माहौल
घटना के बाद गांव में खौफ का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और पोस्टमार्टम कर शव छोटे बेटे को सौंप दिया। त्योंदा थाना प्रभारी और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।