खंडवा के पंधाना में दिनदहाड़े शातिर चोरों ने गल्ला व्यापारी का करीब 3 लाख रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खंडवा जिले के पंधाना में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। एक शातिर चोर ने वारदात को अंजाम देते हुए 2 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया, चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल पंधाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना जिले के पंधाना में एक गल्ला व्यापारी की दुकान की बताई जा रहा है। जानकारी के अनुसार गल्ला व्यापारी आशीष राठौर रोज की तरह सुबह अपनी दुकान पहुंचे और दुकान की सीढ़ियों पर रुपयों से भरा बैग रखकर शटर का ताला खोलने लगे, इसी बीच एक चोर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। दुकान के सीसीटीवी कैमरे में चोरी का वाक्या कैद हुआ है, जिसमें एक लड़का बड़े ही शातिर अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। चोरी की शिकायत के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में जुट गई है। हालांकि पुलिस के पास सीसीटीवी के अलावा कोई और सुराग नहीं है।
खंडवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि पंधाना के व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कोई अज्ञात चोर उनकी दुकान के सामने थैले में रखे 2 लाख 90 हजार रुपये चोरी कर ले गया है। प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर आसपास के इलाकों में शातिर चोरों को ढूंढा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह की वारदात को चोरों ने अंजाम दिया था, जल्दी ही पुलिस आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लेगी।