बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह को 11 साल पुराने के एक मामले में कोर्ट से सजा मिलने पर राजनीतिक अपराधी बताया है।
वीडी शर्मा ने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह राजनीतिक अपराधी हैं। दिग्विजय सिंह देश के बारे में, क्रांतिकारियों के बारे में, सेना के बारे में, धर्म के बारे में आज से नहीं हमेशा से आक्रमण करने वाले व्यक्ति हैं। देशद्रोही ताकतों के साथ खड़े होने वाले व्यक्ति हैं। मैंने राजनीतिक अपराधी इसलिए कहा है कि गुंडों को जो सजा मिलती है। माननीय अदालत ने उन्हें वह सजा दी है। शर्मा ने कहा कि माननीय अदालत ने ऐसे अपराध में सजा दी है, जिसे गुंडागर्दी कहा जाता है। गुंडा शब्द कहे तो अच्छा नहीं रहेगा फिर भी उनको राजनीतिक गुंडे के तौर पर सजा दी गई है। इस देश के लिए प्रदेश की जनता के लिए संदेश है कि दिग्विजय सिंह किस तरह के राजनीतिक अपराधी हैं।
केसवानी बोले- हिंदू विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने दिग्विजय सिंह को हिंदू विरोधी मानसिकता से ग्रसित बताया। केसवानी ने कहा कि कभी आतंकवादियों को जी कहते हैं, जाकिर नाईक को शांति का दूत बताते हैं, तो कभी हिंदू आतंकवाद जैसा शब्द गढ़ते हैं। तो कभी संघ पर ही सवालिया निशान खड़े करते हैं। जहां भी भारत या हिंदू धर्म की बात होती है, दिग्विजय हमेशा ही विपरीत विचारधारा के साथ खड़े दिखते हैं। ऐसे में अदालत द्वारा उन्हें दोषी करार दिया जाना न्यायोचित हैं।