मुरैना: कैलारस में BEO को दूल्हा बनाकर विदाई देते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
मुरैना जिले के कैलारस में पदस्थ BEO को उनके विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने यादगार विदाई दी, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। विदाई समारोह के अवसर पर विभाग के अधिकारियों ने बीईओ जालिम सिंह धाकड़ को दूल्हा बनाकर घोड़ी पर चढ़ाया। जगह-जगह उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। वहीं, विदाई समारोह के दौरान अधिकारी और शिक्षकों ने जमकर डांस किया। बीएमओ को दी गई शानदार विदाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। लोग विदाई समारोह की तारीफ कर रहे हैं।
बीएमओ जालिम सिंह धाकड़ का विदाई समारोह सूजरमा हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया गया, जहां उन्हें दूल्हे की तरह घोड़ी पर बैठाया गया और बारात निकाली गई। जिले की कैलारस तहसील में ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर के पद पर पदस्थ जालम सिंह धाकड़ के रिटायरमेंट को यादगार बनाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकों ने सारी तैयारियां की थी। उनके विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि जालम सिंह धाकड़ पूरे शिक्षा विभाग में अपने मिलनसार और उनके निष्पक्ष कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध है। विभाग में उनकी छवि काफी अच्छी है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हमेशा शिक्षकों की मदद की, जिससे विभाग का हर शिक्षक उनसे जुड़ा हुआ है। यही वजह है कि उनके रिटायरमेंट को यादगार बनाने के लिए कर्मचारी और शिक्षकों ने उन्हें घोड़ी पर बैठा कर दूल्हा बना दिया।