भारतीय किसान संघ और मध्य प्रदेश किसान सेना द्वारा किसान आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के एक दिन बाद प्रदेश में किसानों से जुड़े विभिन्न यूनियनों में दरार पैदा हो गई है। आंदोलन स्थगित करने के विरोध में ‘किसान यूनियन’ ने बीकेएस नेता शिवकांत दीक्षित का नीमच में पुतला फूंका और घोषणा की कि वे समान विचार रखने वाले संगठनों के साथ मिलकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
किसान यूनियन से जुड़े नीमच के किसान राकेश मेरावत ने बताया, ‘हमने रविवार रात नीमच के जीरन इलाके में आरएसएस से संबद्ध बीकेएस नेता शिवकांत दीक्षित का पुतला फूंका। हम अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं। हमने शिवकांत दीक्षित का पुतला जलाया, क्योंकि उसने किसानों को धोखा दिया है।’ इसी बीच, किसान यूनियन के नेता अनिल यादव एवं शैलेंद्र वर्मा ने कहा, ‘किसानों के हितों की रक्षा के लिए वे सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रदर्शन कर यातायात अवरुद्ध करेंगे।’ दोनों नेताओं ने दावा किया कि किसानों से जुड़े कुछ और यूनियनें उनके साथ हैं।
बीकेएस एवं मध्य प्रदेश किसान सेना द्वारा आंदोलन खत्म करने से दुखी किसानों से जुड़े राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के प्रदेश प्रवक्ता सुनील गौर ने कहा कि वे किसानों की मांगों के समर्थन में अपने नेता शिव कुमार शर्मा उर्फ कक्काजी के नेतृत्व में इंदौर में एक विशाल रैली निकालेंगे।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ रविवार शाम उज्जैन में हुई बातचीत के बाद उनसे मिले आश्वासन से संतुष्ट होकर बीकेएस ने तुरंत आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया था, जबकि मध्य प्रदेश किसान सेना ने देर रात आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की थी।