उमरिया जिला मुख्यालय स्थित कैंप मोहल्ले में पूजा करवाकर वापस लौट रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ धारदार हथियार अड़ाकर अपहरण की नियत से उनको कार के भीतर घसीट रहे थे। जब सफल नहीं हुए तो सोने के कान के कुंडल और हाथ के कंगन छीनकर दोनों आरोपी फरार हो गए। बुजुर्ग महिला द्वारा चिल्लाने पर भी कोई घरों से नहीं निकला, तब तक आरोपी भागने में कामयाब हो गए। महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
हालांकि, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीमावर्ती जिलों में पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है और नाकेबंदी करके आरोपियों की तलाश में जुटी है। जिला मुख्यालय स्थित पुराना पड़ाव निवासी 65 वर्षीया रेखा शर्मा पति स्वर्गीय कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि मैं कैम्प मोहल्ले से पूजा करवा कर लौट रही थी, तभी सफेद रंग की कार से दो लोग आए और मेरे को छूरा दिखाकर जबरन कार में बैठाने लगे तो मैं गेट पकड़ कर चिल्लाने लगी। लेकिन कोई नहीं आया। तब तक वो लोग मेरे दोनों हाथ के कंगन और कान के झुमकी को ले गए। हाथ में डेढ़-डेढ़ तोले के अर्थात तीन तोले का कंगन रहा और कान में आधे-आधे तोले की झुमकी रही, उसमें आधे तोले की चेन लगी रही। कुल मिलाकर डेढ़ तोले की झुमकी रही। इस तरह कुल वजन साढ़े चार तोले सोने अर्थात साढ़े तीन लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट हो गई।
वहीं, इस बारे में एसडीओपी डॉक्टर नागेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि फरियादिया हैं रेखा शर्मा। इनकी उम्र लगभग 65 वर्ष के आसपास है। इनके द्वारा एक ऐसी रिपोर्ट दिखाई गई है कि जब यह पूजा करने के लिए जा रही थी तो सुबह मीट मार्केट के पास दो लड़कों ने झपटमारी करते हुए उनके कान के कुंडल और हाथ के कंगन छुड़ा कर ले गए हैं। इस पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया गया है और इसकी विवेचना की जा रही है। उनके द्वारा यह भी बताया गया कि झपटमारी के दौरान उनका गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया जाता रहा है। इन तथ्यों की भी जांच कर रहे हैं और वहां पर जो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनके आधार पर भी जांच की जा रही है, इसकी विवेचना की जा रही है और पूरे जिले को उसके साथ आसपास के जिलों को सूचित किया गया है नाकेबंदी भी करवाई गई है। इस घटना के दौरान महिला को भी चोटे आई है। उनका मेडिकल कराया गया है।
गौरतलब है कि छह मई 2024 को भी इसी घटना स्थल से कुछ आगे कैंप मोहल्ले में दिनदहाड़े साढ़े पांच लाख की लूट हो गई थी और उसमें भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली है और इस बार भी लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के सोने की लूट हो गई। इतना ही नहीं जिले में चोरी, लूट, सट्टा, जुआ, अवैध शराब की पैकारी आम बात हो गई है, जिसके चलते आम जनता में भय का माहौल है।