उमरिया में नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गहिराटोला अंतर्गत ग्राम नौसेमर के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे बंद पड़े हैंडपंप से टकराई, जिसमें बाइक सवार जीजा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और साला गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक इतनी तेज रफ्तार में थी कि हैंडपंप का हैंडल जीजा के गले में घुस गया और साला गंभीर हालत में पड़ा रहा।
तब किसी ने 108 एंबुलेंस और नौरोजाबाद थाने को सूचना दिया, जिस पर 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और मृतक की बॉडी को नौरोजाबाद कोल माइंस हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखा गया था। नौरोजाबाद टीआई राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि कैलाश बैगा पिता अच्छेलाल बैगा उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम लोढ़ा हरे रंग की एचएफ डीलक्स बाइक से अपने ससुराल ग्राम गहिराटोला आया हुआ था, जो रात में अपने साले श्रीवास्तव बैगा पिता विशम्भर बैगा उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम गहिराटोला के साथ वापस अपने गांव लोढ़ा जा रहा था।
काफी तेज गति से होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हैंडपंप से टकरा गई, जिसमें कैलाश बैगा के गले मे हैंडपंप का हैंडल घुस जाने से मौके पर ही मौत हो गई और उसके साले श्रीवास्तव बैगा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल उमरिया में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मर्ग कायम कर मामले की जांच करवाई की जा रही है, मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।