युवक के परिजनों को आश्वासन देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
उमरिया जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला है। हत्या के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस पर परिजनों ने विरोध-प्रदर्शन किया तो वहां उन्हें शांत करने पहुंचे एएसपी प्रतिपाल महोबिया ने जांच का आश्वासन दिया है। साथ ही पांच सदस्यीय जांच समिति बनाई है। ताकि मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके। इस मामले में एएसआई रवींद्र तिवारी को लाइन हाजिर किया गया है।
उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के सामने खंडहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना मानपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसकी पहचान अमर सोनी के रूप में की है, जो 17 अगस्त से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमसुदगी की सूचना मानपुर थाने में दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने कुछ नहीं किया। लगभग 13 दिन बाद लापता अमर सोनी की लाश मिलने से परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने मानपुर थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। मानपुर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए।
मामला बढ़ा तो एएसपी खुद थाने में पहुंचे। परिजनों से मुलाकात की। उन्हें आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पांच सदस्यीय टीम बनाई गई है। एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि प्रथमदृष्टया मानपुर थाने के ASI राजेन्द्र तिवारी को लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। एएसपी ने बताया कि दो सितंबर को मानपुर थाने से कुछ ही दूरी पर अमर सोनी नाम के युवक का शव मिला था। परिजनों को शक है कि युवक की हत्या हुई है। पुलिसकर्मी पर भी लापरवाही बरतने और मिलीभगत में काम करने का आरोप लगाया था। एएसपी ने उचित जांच का आश्वासन दिया है।