Umaria: बाघों के इस झुंड को किसी ने इसे प्रकृति का उपहार कहा, तो किसी ने मजाकिया लहजे में इसे जंगल का फैमिली फोटोशूट नाम दिया। लोग इस अद्भुत दृश्य को बार-बार देखकर इसकी तारीफ कर रहे हैं।
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से आई एक रोमांचक वीडियो क्लिप ने वन्यप्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच सनसनी मचा दी है। उमरिया जिले के ताला जोन में जंगल सफारी के दौरान रिकॉर्ड किया गया यह दुर्लभ दृश्य किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता, एक साथ पांच बाघ जंगल की पगडंडियों पर चलते और आराम करते नजर आते हैं। आमतौर पर अकेले रहने वाले बाघों को इस तरह समूह में देखना बेहद असामान्य होता है।
विज्ञापन
वीडियो में दिख रहे बाघों में से एक बड़ी बाघिन प्रतीत होती है, जिसके साथ चार लगभग वयस्क शावक मौजूद हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह संभवतः एक मां और उसके किशोरवय शावकों का समूह है। यह उम्र का वह दौर होता है जब शावक अब शिकार और इलाके की समझ हासिल कर रहे होते हैं, लेकिन अभी भी मां के साथ रहते हैं। यही कारण है कि यह झुंड इस तरह एक साथ दिखाई दिया। वीडियो में बाघ न तो किसी खतरे में दिखते हैं और न ही किसी पर आक्रामकता जताते हैं। बल्कि वे आराम से चलते, बैठते और एक-दूसरे के आसपास रहते हुए दिखते हैं।
यह शांत और संतुलित दृश्य जंगल की खूबसूरती और जीवन के अनछुए पहलुओं को उजागर करता है। पर्यटकों के लिए यह अनुभव किसी सपने के सच होने जैसा रहा। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख बाघ अभयारण्यों में गिना जाता है और ताला रेंज को खास तौर पर बाघों की झलक के लिए जाना जाता है। यहां पहले भी रॉयल बंगाल टाइगर की दुर्लभ तस्वीरें और वीडियो सामने आते रहे हैं, लेकिन एक साथ पांच बाघों को देखना एक असाधारण घटना मानी जा रही है।
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने इसे प्रकृति का उपहार कहा, तो किसी ने मजाकिया लहजे में इसे जंगल का फैमिली फोटोशूट नाम दिया। लोग इस अद्भुत दृश्य को बार-बार देखकर इसकी तारीफ कर रहे हैं। वन विभाग ने भी इस दृश्य को संरक्षण प्रयासों की सफलता माना है। अधिकारियों का कहना है कि रिजर्व में बाघों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जोकि एक सकारात्मक संकेत है। यह घटना न केवल वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में बढ़ते कदमों को दर्शाती है, बल्कि पर्यावरण के प्रति लोगों की जागरूकता भी बढ़ा रही है।