उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र के अखडार गांव में पांच दिन पहले बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई थी। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। चंदिया पुलिस ने मारपीट करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि चंदिया थाना के अखडार गांव में 28 जनवरी को गांव के सात लोगों ने मथुरा कोल पिता सगानी कोल (65) के साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद बुजुर्ग का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार को मथुरा कोल की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी मंजू शर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच की जा रही है। मामले में बल्ली पिता विशाली कोल (55), पंचू पिता बालकरण कोल (28), मोहित लाल पिता बालकरण कोल (35), किशन पिता ददुल्ला कोल (29), हरी पिता विशाली कोल (55), सीताराम कोल, किरन बाई पति सीताराम कोल (43) को गिरफ्तार किया गया है।