उमरिया हादसे में दो युवकों की मौत।
- फोटो : social media
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र के कोलुहाबाह तिराहे के पास बाइक सवारों को अज्ञात ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में एक बैगा आदिवासी युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा बैगा आदिवासी युवक ने जिला अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। एक महिला गम्भीर रूप से घायल है, जिसका इलाज किया जा रहा है।
वहीं, मृतक का रिश्तेदार ग्राम ददरौंडी निवासी राम दीन बैगा ने बताया कि सुरेश बैगा पिता बसंता बैगा उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम गढ़पुरी सुबह बाइक से अपनी भाभी पुष्पा बैगा पति राकेश बैगा उम्र 30 वर्ष एवं अपने साले सत्य राज बैगा पिता दादू राम बैगा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बिजौरी को बाइक से लेकर ग्राम गुरवाही जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी और फरार हो गया।
हादसे में सुरेश बैगा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और सुरेश बैगा के साले सत्य राज बैगा की जिला अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई। वहीं, सुरेश की भाभी पुष्पा बैगा गम्भीर होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती है।
घटना के बारे में मानपुर थाना प्रभारी शरद खम्परिया ने बताया कि उक्त आरोपी ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। जिला अस्पताल पुलिस चौकी में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।