फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमरिया: बाघिन अपने तीन शावकों के साथ पहुंची आबादी के करीब, लखनोटी के लोगों में दहशत

Fri, 06 Nov 2026 03:24 PM IST
उमरिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया

सार

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास मानपुर के लखनोटी गांव में शुक्रवार सुबह एक बाघिन तीन शावकों के साथ रिहायशी इलाके में दिखाई दी। घरों और मछली तालाब के पास बाघिन की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची और कुनबे की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।
विज्ञापन
लखनोटी में बाघिन के कुनबे की दस्तक - फोटो : credit
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों में वन्यजीवों की बढ़ती मौजूदगी अब आसपास के गांवों तक पहुंचने लगी है। शुक्रवार की सुबह मानपुर से महज 8 से 10 किलोमीटर दूर ग्राम लखनोटी में उस समय ग्रामीणों के होश उड़ गए, जब गांव से लगे रिहायशी इलाके में एक बाघिन अपने तीन नन्हे शावकों के साथ विचरण करती दिखाई दी। बाघिन और उसके कुनबे की मौजूदगी ने पूरे गांव में हलचल मचा दी और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव के कुछ ग्रामीण रोजमर्रा के काम और निस्तार के लिए मछली तालाब की ओर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी नजर बाघिन और उसके साथ चल रहे तीन शावकों पर पड़ी। जंगल में रहने वाला बाघिन का यह कुनबा जब इंसानी आबादी के इतने करीब नजर आया तो ग्रामीणों के कदम ठिठक गए। देखते ही देखते बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी की खबर पूरे गांव में फैल गई।

ये भी पढ़ें- जंगल में बेखौफ शिकारी, शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आकर युवक की मौत,वन विभाग की गश्त पर उठे सवाल
विज्ञापन


बताया जा रहा है कि बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियां स्थानीय निवासी दशरथ बैगा, बालकदास और रामबल सिंह के घरों के बेहद करीब देखी गई हैं। घरों के आसपास बाघिन के कुनबे की मौजूदगी से ग्रामीणों को अपने परिवार, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक बाघिन द्वारा किसी मवेशी का शिकार किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

सूचना मिलते ही हरकत में आया वन अमला
घटना की जानकारी मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंच गया। वनकर्मियों ने क्षेत्र में बाघिन और उसके तीनों शावकों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। साथ ही उनके मूवमेंट की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाघिन किस दिशा में विचरण कर रही है और उसकी मौजूदगी आबादी के आसपास कितनी देर तक बनी रहती है।

नन्हे शावकों के साथ बाघिन की मौजूदगी बनी चिंता
वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और ग्रामीण आबादी के बीच बढ़ती आवाजाही कई बार ऐसी परिस्थितियां पैदा कर देती है, जहां इंसानों और वन्यजीवों के बीच आमना-सामना होने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर शावकों के साथ मौजूद बाघिन के मामले में अतिरिक्त सतर्कता जरूरी मानी जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को लगातार निगरानी रखनी चाहिए और गांव के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि कोई भी ग्रामीण अनजाने में बाघिन या उसके शावकों के करीब न पहुंच जाए।
विज्ञापन


फिलहाल वन विभाग की निगरानी के बीच लखनोटी के ग्रामीणों की नजरें जंगल की ओर टिकी हुई हैं। सुबह मछली तालाब के पास दिखाई दिया बाघिन का यह कुनबा अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें