उमरिया जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन चौकी अंतर्गत ताला मार्ग पर खैरा मोड़ के पास लगभग एक बजे तेज रफ्तार कार के बेकाबू होकर पलटने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार सड़क से करीब तीस मीटर नीचे जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार कार में पांच दोस्त सवार थे, जो दावत से लौटने के बाद घर जाने के बजाय ताला की ओर घूमने निकल पड़े थे। इसी दौरान खैरा मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पलटते हुए नीचे जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में जिन तीन युवकों की मौत हुई, उनकी पहचान रेहान अंसारी 17 वर्ष, पिता वकील अंसारी, निवासी कैम्प उमरिया, सलमान खान 23 वर्ष, पिता रहमान, निवासी नौरोजाबाद और इमरान 18 वर्ष, पिता इंतिहान, निवासी बड़ेरी के रूप में हुई है। तीनों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
ये भी पढ़ें- CM ने रखा आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य का संकल्प, बोले- लाल सलाम को आखिरी सलाम
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल फैज और शाहिद का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि कार चालक की ओर का हिस्सा सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि टक्कर और पलटने का झटका बेहद तेज था।
बताया जा रहा है कि सभी युवक वाहन मैकेनिक का काम सीख रहे थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। अचानक हुए इस हादसे ने न केवल उनके सपनों को तोड़ दिया, बल्कि तीन परिवारों से उनके बेटे हमेशा के लिए छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।