प्रदर्शन करते मध्यप्रदेश स्थाई कर्मी कल्याण संघ
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश स्थाई कर्मी कल्याण संघ जिला उमरिया के द्वारा प्रदेश सचिव विनोद भट्ट की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर उमरिया को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन सौंपते हुए विनोद भट्ट ने बताया गया कि सामान्य वन मंडल उमरिया एवं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उमरिया में कार्यरत सुरक्षा श्रमिक अपने जान की परवाह किए बगैर वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा करते हैं।
हाथी, बाघ और तेंदुआ पकड़ना आदि कार्य कुशलता पूर्वक करते हैं। साथ ही स्थाई कर्मी एवं सुरक्षा श्रमिक वन विभाग का 50 प्रतिशत कार्य करते हैं। लेकिन समय से इन्हें मजदूरी नहीं दी जाती। शासन द्वारा मिलने वाली अन्य सुविधाएं भी नहीं दी जा रही। वन विभाग के सुरक्षा श्रमिकों एवं स्थाई कर्मियों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है। कई बार संघ के माध्यम से महोदय जी से निवेदन किया गया, लेकिन आज भी समस्याएं ज्यो की त्यो बनी हुई हैं।
ज्ञापन के माध्यम से संघ पुनः निवेदन करता है कि मांग पत्र अनुसार स्थानीय समस्याओं का समाधान करने की कृपा करें। ताकि वन सुरक्षा में लगे जमीनी कर्मचारियों के बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित रहे। इस दौरान मध्यप्रदेश स्थाई कर्मी कल्याण संघ के पदाधिकारी सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।