उमरिया सायबर सेल की बड़ी सफलता: एक सप्ताह में 1.59 लाख रुपये की ठगी राशि पीड़ितों को लौटाई
उमरिया जिले में साइबर अपराधों पर नियंत्रण लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के नेतृत्व में साइबर सेल ने प्रभावी कदम उठाए हैं। हाल ही में, साइबर सेल ने चार पीड़ितों के खातों में 1,59,750 रुपये की ठगी गई राशि वापस कराई है। ये ठगी की घटनाएं विभिन्न तरीकों से हुई थीं, जिनमें सरकारी योजनाओं का झांसा, अनजान APK फाइल डाउनलोड करवाना और रिश्तेदार बनकर धोखाधड़ी करना शामिल था।
ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े,मजदूरी की, 94 साल की आयु में सीखा हारमोनियम, वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन की कहानी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल ने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की है। इस साल अब तक 58 शिकायतों की जांच करते हुए 202 बैंक खातों को होल्ड कराया गया, जिससे 4,89,600 रुपये रोके गए। इनमें से 2,01,750 रुपये पीड़ितों को लौटा दिए गए हैं, जबकि बाकी राशि की वापसी की प्रक्रिया जारी है। वहीं, पिछले कुछ वर्षों में, पुलिस अधीक्षक नायडू के नेतृत्व में 2,200 से अधिक बैंक खातों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 37 लाख रुपये होल्ड किए गए, जिनमें से अब तक 15 लाख रुपये पीड़ितों को लौटाए जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें: सौरभ शर्मा और उसकी मां पर फर्जी तरीके से अनुकंपा नियुक्ति मामले में एफआईआर
हाल ही में सामने आए ठगी के मामलों में, शेखर कुर्मी के पिता से 99,800 रुपये की ठगी हुई थी। यह धोखाधड़ी एक फर्जी सरकारी योजना से जुड़ी थी, जिसमें उन्हें एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा गया था। साइबर सेल की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए राशि होल्ड कराई और कोर्ट के आदेश के बाद पैसे वापस करवाए। इसके अलावा, चंद्रमा महतो (20,000 रुपये), राकेश बैगा (10,000 रुपये) और राजेश सिंह की पत्नी (30,000 रुपये) से ठगी गई राशि भी वापस दिलाई गई। इन सफल कार्रवाइयों में साइबर सेल प्रभारी संदीप सिंह और मनीषा उइके की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़ें: प्रदेश में आज बारिश नहीं होगी, रीवा और सीधी समेत कई जिलों में आंधी के आसार, जानें कैसा रहेगा मौसम
साइबर ठगी की शिकायतों में गिरावट
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम दिख रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल साइबर ठगी की शिकायतें 87 से घटकर 58 रह गई हैं। इससे साफ है कि लोग अब अधिक सतर्क हो रहे हैं और ठगी के मामलों में तेजी से पुलिस से संपर्क कर रहे हैं।
ये वीडियो भी देखिए...