इंजीनियर विजय कोल बने उमरिया कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक मजबूती और नए नेतृत्व को अवसर देने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। गहन अध्ययन और चर्चा-परिचर्चा के बाद पार्टी ने उमरिया जिले में पहली बार एक पढ़े-लिखे युवा चेहरे को जिला कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी है। इंजीनियर विजय कोल को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को बधाई संदेश देने वालों में पूर्व विधायक एवं निवर्तमान जिलाध्यक्ष अजय सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विजय कोल को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा। इसके अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा, युवा नेता त्रिभुवन प्रताप सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ और युवा पदाधिकारियों ने भी विजय कोल को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
संगठन में बदलाव की कवायद
कांग्रेस पार्टी लंबे समय से संगठनात्मक पुनर्गठन और नई ऊर्जा से संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में संगठन सृजन के तहत पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई थी। इन पर्यवेक्षकों ने जिला मुख्यालय से लेकर गांव-गांव तक जाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं और संभावित नेताओं की पड़ताल की। विस्तृत रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर पार्टी ने विजय कोल को उमरिया का नया जिलाध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया।
युवा नेतृत्व पर भरोसा
विजय कोल का चयन कांग्रेस के उस फैसले को दर्शाता है, जिसमें पार्टी अब नए और पढ़े-लिखे युवाओं को संगठन की कमान सौंपकर भविष्य की राजनीति की दिशा तय करना चाहती है। इंजीनियर पृष्ठभूमि से आने वाले विजय कोल लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और विभिन्न स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी ने यह जिम्मेदारी दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह
नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि विजय कोल जैसे ऊर्जावान नेता के नेतृत्व में संगठन जमीनी स्तर पर और मजबूत होगा। कार्यकर्ता भी इस निर्णय को संगठन के लिए सकारात्मक बदलाव मान रहे हैं। कुल मिलाकर उमरिया जिले में कांग्रेस ने नए नेतृत्व को आगे लाकर यह संकेत दिया है कि पार्टी अब परंपरागत राजनीति के साथ-साथ पढ़े-लिखे युवाओं पर भरोसा जता रही है। अब देखना होगा कि इंजीनियर विजय कोल अपनी नई जिम्मेदारी को किस तरह निभाते हैं और जिले में कांग्रेस संगठन को किस दिशा में ले जाते हैं।