बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाहर निकला कॉलर वाला हाथी पांचवें दिन दर्रहा फाटक के आसपास के जंगलों में मौजूद है। हाथी अब तक 100 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुका है। वन विभाग के साथ रेलवे और बिजली विभाग भी अलर्ट हैं।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाहर निकला कॉलर वाला जंगली हाथी पांचवें दिन भी सामान्य वन मंडल और वन विकास निगम के जंगलों में लगातार मूवमेंट कर रहा है। टाइगर रिजर्व से निकलने के बाद हाथी अब तक 100 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुका है। फिलहाल उसकी मौजूदगी दर्रहा फाटक के आसपास के जंगल क्षेत्र में बनी हुई है, जहां वह पिछले दो दिनों से घूम रहा है।
हाथी की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए वन विभाग के साथ रेलवे और बिजली विभाग भी अलर्ट मोड पर हैं। करीब 50 अधिकारी-कर्मचारी हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। कॉलर के माध्यम से हाथी की लोकेशन लगातार ट्रेस की जा रही है और उसकी दिशा के अनुसार संबंधित विभागों को सूचना दी जा रही है।
धतूरा क्षेत्र से आगे बढ़ने के बाद हाथी दर्रहा फाटक के आसपास पहुंचा है। इस दौरान हाथी कुछ खेतों में भी पहुंचा, जहां उसने फसलों को नुकसान पहुंचाया। वन विभाग की टीमें हाथी के आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। साथ ही ग्रामीणों को भी हाथी की मौजूदगी को लेकर सतर्क किया जा रहा है।
रेलवे को किया अलर्ट
हाथी वाले क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद
तीन वन इकाइयां कर रहीं निगरानी
क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि कॉलर वाले हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित विभागों को हाथी की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है और उसकी लोकेशन के आधार पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। फिलहाल विभाग की प्राथमिकता हाथी की सुरक्षित निगरानी के साथ ग्रामीणों, राहगीरों और रेलवे यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।