उमरिया में महिला से शराब ठेकेदार के गुर्गों द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार के आदमी रात को घर में घुसकर महिला का हाथ पकड़कर बदसलूकी की है और जबरन हाथ पकड़कर घर से बाहर ले जा रहे थे।
हालांकि पड़ोसियों ने किसी तरह उन लोगों से जान बचाई है। इसकी शिकायत जब संबंधित इंदवार थाने में की गई तो शिकायत भी नहीं ली गई है। पीड़ित महिला की मानें तो इस घटना के बाद आबकारी निरीक्षक पिंकी हिंदुजा भी मौके पर पहुंची पर उन्होंने भी हमारी मदद नहीं की, बल्कि उल्टा हमारे पूरे परिवार पर प्रकरण कायम करा दिया है।
शराब ठेकेदार के आदमी घर पर घुसे थे
पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि हमारे परिवार ने किसी तरह आबकारी कार्रवाई का विरोध नहीं किया, बावजूद इसके हमारे खिलाफ शिकायत दर्ज कर प्रकरण कायम किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने जांच का भरोसा दिलाया है। सूत्रों की मानें तो अवैध शराब विक्रय के संदेह पर शराब ठेकेदार के आदमी घर पर घुसे थे। बाद में जिम्मेदार आबकारी अधिकारी भी पहुंची थी।
मामला हुआ दर्ज
इस मामले में आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर लल्ला बर्मन, पत्नी लललिया बर्मन व इनके भतीजे पिंटू बर्मन तथा इसकी पत्नी संगीता बर्मन के विरुद्ध अपराध क्रम 644/23 धारा 294, 323, 332, 353, 506 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।