मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) में एक बाघ का शव कुएं में मिला है। वन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह पिछले दो दिनों में रिजर्व में बाघ की दूसरी मौत है।
इससे पहले बुधवार को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के काथली बीट क्षेत्र में एक मादा बाघ शावक का शव मिला था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई थी कि उसकी मौत किसी जंगली जानवर से संघर्ष के दौरान हुई होगी।
अधिकारी ने बताया कि गुरुवार शाम धमोखर रेंज के अंतर्गत रायपुर क्षेत्र के कुंदरी टोला गांव में स्थित एक पुराने कुएं के भीतर एक वयस्क बाघ का शव मिला। सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें- MP News: एमपी में आबकारी टीम पर हमला, शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त व कर्मचारी घायल; कानून का क्यों कम हो रहा डर?
परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी ये जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित इस पुराने कुएं से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ की मौत शव मिलने से करीब पांच से छह दिन पहले हो चुकी थी। धमोखर रेंज के रेंजर ध्रुव सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर बाघ का शव मिला, वह वन चौकी से लगभग दो किलोमीटर दूर है। आसपास के क्षेत्र में डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान भी चलाया गया।
फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि बाघ का शव शुक्रवार सुबह कुएं से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि बाघ की मौत का सही कारण और उसकी उम्र पशु चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।