उमरिया में बंद दुकान से बेची जा रही शराब।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश में एक तरफ शराब नीति से संदेश दिया जा रहा है कि हम शराब के उपभोग को कम करने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ शराब दुकानदार नियमों को धता बताते हुए ऐसे तरीके निकाल रहे हैं, जिससे रातभर शराब उपलब्ध हो रही है। उमरिया जिले से ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। इसमें शराब दुकान की शटर में छोटी खिड़की से रातभर शराब बेची जा रही है। सोशल मीडिया में इस कारनामे के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।
उमरिया में एक शराब दुकान का ये मामला है। उमरिया जिले का प्रशासन चाहे लाख दावे और वादे क्यों ना कर ले लेकिन फिर भी प्रशासन की मंशा पर पानी फेरते हुए साफ तौर पर अंग्रेजी और देसी शराब दुकान के ठेकेदार देखे जा रहे हैं। नाम करने के लिए तो दुकान बंद रहती है लेकिन दुकान बंद होने के बाद भी यह खेल निरंतर चलता रहता है। दुकान के शटर में एक छोटी सी खिड़की बनाई गई है, जब शटर गिराकर शराब दुकान बंद हो जाती है तब ये खिड़की खुल जाती है। शटर पर खटखटाने पर अंदर से पूछा जाता है क्या चाहिए। पैस देकर शराब मिल जाती है। लोगों का कहना है कि ऐसा बिना किसी के संरक्षण के संभव नहीं है। प्रशासन की नाक के नीचे ये खेल हो रहा है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। जब इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी रीना गुप्ता का कहना है कि मामला सामने आया है। मैंने सब इंस्पेक्टर को निर्देश दिए हैं कार्रवाई करने के लिए।