Ujjain: ग्रामीण क्षेत्रों में किसान इन दोनों फसलों की सिंचाई में लगे हुए हैं, लेकिन चोर भी मौका मिलते ही मोटर चुराने और केबल काटकर ले जाने से बाज नहीं आ रहे हैं। खाचरोद थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें मोटर चोरी के आरोप मे ग्रामीणों ने एक युवक को मोटर और केबल के साथ पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी।
खाचरोद थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव में रहने वाला शुभम शर्मा खेत में सिंचाई करने के लिए सबमर्सिबल पंप लेकर आया था, जिसे बागेड़ी नदी से पानी लेने के लिए लगाया था। रविवार को जब वह मोटर बंद करने नदी किनारे गया था तो उसे मोटर और केबल दोनों ही गायब मिली। ग्रामीणजनों ने मोटर चोरी होने पर गांव के ही कुलदीप कांछी पर शंका जाहिर की थी।
विज्ञापन
पुलिस को सौंपा
पुलिस इस मामले में अभी कार्रवाई कर ही रही थी कि सोमवार की रात को बागेड़ी नदी से कुलदीप मोटर और केबल लेकर जाता हुआ दिख गया। इसके बाद ग्रामीणजनों ने कुलदीप को मोटर और केबल के साथ पकड़ा और उसकी पिटाई करते हुए वह भाग न जाए, इसीलिए हाथ पैर और गले में रस्सी बांध दी। इसके बाद डायल 100 पर फोन लगाकर युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।