मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में एक श्रद्धालु बिना किसी जांच के शराब की बोतल लेकर मंदिर के विश्रामधाम तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न उठने लगे हैं।
फोटो में दिख रहे युवक ने खुद को काना परसाई पांडे, निवासी नर्मदापुरम बताया। उसने स्वीकार किया कि उसकी जेब में शराब की बोतल थी, जिसे वह कालभैरव को चढ़ाने के लिए लाया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मंदिर के प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने उसकी कोई जांच नहीं की, जिससे वह आसानी से मंदिर परिसर में प्रवेश कर गया।
सुरक्षा में बड़ी लापरवाही
महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा कंपनी क्रिस्टल प्रा. लि. के गार्ड, पुलिस जवान और होमगार्ड के जवान 24 घंटे तैनात रहते हैं। बावजूद इसके, युवक का बिना जांच के मंदिर में प्रवेश करना सुरक्षा में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
मंदिर की सुरक्षा प्रभारी प्लाटून कमांडर हेमलता पाटीदार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सुरक्षा प्रभारी अनुराग चौबे ने कहा कि प्रवेश द्वार पर नियमित चेकिंग की जाती है, लेकिन इस मामले में दोषी पाए गए गार्ड और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद युवक शराब की बोतल लेकर मंदिर में कैसे पहुंचा। अब प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।