Mp Weather: मध्य प्रदेश में दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। रविवार को प्रदेश में 34 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। वहीं रात का तापमान भी बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार 18 फरवरी से एक बार फिर से ठंड बढ़ेगी।
हवा का रुख बदलने के कारण मध्य प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। सिवनी सबसे गर्म रहा यहां का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 फरवरी से एक बार फिर से ठंड बढ़ेगी। अभी मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद ही तापमान में कुछ कमी आ सकती है।
एक बार फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानि वेद प्रकाश ने बताया कि 17 फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालय की तरफ एक्टिव होने की संभावना है। इस वजह से 2 दिन बाद यानी, 18-19 फरवरी को प्रदेश में भी दिन-रात के तापमान में फिर से गिरावट होने का अनुमान है, जो अगले तीन से चार दिन तक रह सकता है। उसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। उन्होने बताया कि फरवरी में कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होते हैं। अबकी बार भी ऐसा ही है। इस वजह से पारे में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं है।