छह महीने से अंधेरे में जीवन जीने को मजबूर हुए ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में एक ऐसा भी गांव है जो पिछले छह महीने से अंधेरे में डूबा हुआ है। इस गांव के किसान बिजली की समस्या को दूर करने के लिए सीएम हेल्पलाइन से लेकर बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी संपर्क कर चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी इस समस्या का कोई हल नहीं हो रहा है। इस वजह से ग्रामीण काफी परेशान हैं।
दरअसल, तराना अनुविभाग के माकड़ोन तहसील के ग्राम गुराडिया गुर्जर के ग्रामीण पिछले छह महीने से विद्युत व्यवस्था ठप होने से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले छह महीने से हम विद्युत मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से निवेदन कर रहे हैं कि गांव की बिजली शुरू की जाए। लेकिन इसके बावजूद भी इस समस्या का कोई निदान नहीं किया जा रहा है।
गांव के निवासी करणसिंह और निलेश गुर्जर ने बताया कि हमने विद्युत मंडल के डीई के कहने पर बिजली बिल भरने के साथ ही यहां लगने वाली 63 की डीपी का पेमेंट भी जमा करवा दिया है। लेकिन इसके बावजूद भी अधिकारी हमें 25 केवी की डीपी का ट्रांसफॉर्मर भी नहीं दे रहे हैं, जो कि गलत है। उन्होंने बताया कि हम इस मामले में सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद हमारी समस्या का निदान करने वाला कोई नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि ठंड का मौसम तो फिर भी ठीक। लेकिन गर्मी में हम लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है, क्योंकि पंखा, कूलर और लाइट न चलने से हम परेशान हैं। साथ ही हमें अपने मोबाइल चार्ज करने के लिए भी दूसरे गांव में जाना पड़ रहा है।