क्या आप सोच सकते हैं कि शादी के फोटो मांगने की बात पर कोई व्यक्ति इतना नाराज हो सकता है कि वह रात 12 बजे फोटो मांगने वाले व्यक्ति को बुलाए और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी जान लेने की नीयत से तलवार लेकर उसके पीछे दौड़ लगा दे। अगर आपको लगता है कि ऐसा नहीं हो सकता तो जान लीजिए उज्जैन के उदयन मार्ग पर सोमवार की रात 12 बजे कुछ ऐसा ही घटनाक्रम हुआ। इसमें तीन लोगों ने एक युवक को फोटो देने के बहाने बुलाया और उसके बाद उसे मारने के लिए तलवार लेकर दौड़ लगा दी। यह तो गनीमत रही की फोटो लेने आया युवक भाग गया, वरना उसके साथ कोई भी बड़ी घटना घटित हो सकती थी।
पूरा मामला थाना माधवनगर का है, जिसकी जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि वल्लभनगर क्षेत्र में रहने वाले जितेंद्र आंजना ने एक आवेदन दिया है। इसमें बताया है कि उसने कुछ दिनों पहले क्षेत्र में ही रहने वाले रोहित नामक युवक से अपने घर में हुए शादी समारोह के फोटो खिंचवाए थे। जितेंद्र इस फोटोग्राफी के पूरे रुपये रोहित को दे चुका है और बस उसे शादी के फोटो और वीडियो का इंतजार है। लेकिन जब भी वह रोहित से यह फोटो वीडियो मांगता है तो रोहित उसकी बातों को अनसुना कर उससे विवाद करने लगता है।
सोमवार रात को भी रोहित अपने दो साथियों के साथ वल्लभनगर क्षेत्र में आया था। जहां उसने जितेंद्र को नालंदा स्कूल के पास फोटो लेने के लिए बुलाया था। जितेंद्र ने जब रोहित के पास जाते ही फिर से फोटो मांगे तो वह नाराज हो गया और उसने जितेंद्र को मारने के लिए तलवार लेकर दौड़ लगा दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसका वीडियो भी जितेंद्र ने शिकायत के साथ दिया है। थाना प्रभारी भारती ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही इसमें प्रकरण दर्ज हो सकता है।