उज्जैन जिले के नागदा क्षेत्र में पाडल्या रोड शीतला माता चौक पर दो भाइयों में चल रही गाली-गलौज ने मारपीट का रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों भाइयों के बीच आपस में जमकर लट्टबाजी हुई। क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से इस लट्ठबाजी से लोगों में हड़कंप मच गया। मारपीट में दोनों पक्षों को चोंटे आई हैं। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
संतोष पिता मांगीलाल राठौर और मुकेश पिता मांगीलाल राठौर भाई हैं। दोनों के बीच कबाड़ी की दुकान लगाने को लेकर विवाद चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संतोष और मुकेश के बीच गाली-गलौज चल रही थी। इसी बीच बीच-बचाव के लिए मुकेश का बेटा लट्ठ लेकर आ गया तो दूसरे पक्ष के संतोष की तरफ से भी लट्ठ निकल गए। देखते ही देखते दोनों में लट्टबाजी शुरू हो गई।
घटना में संतोष के सिर में, मुकेश की अंगुली, मां कलाबाई के कंधे और संतोष के बेटे गौतम के पैर में चोट आई। इसी बीच यहां से गुजर रहे दोनों पुलिसकर्मी विनोद और प्रदीप ने पहुंचकर बीच-बचाव कर अस्पताल पहुंचाया। मंडी पुलिस के अनुसार, संतोष की शिकायत पर मुकेश, इसका लड़का नितिन, जितिन और मां कलाबाई के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसी तरह कलाबाई की शिकायत पर संतोष और बेटे गौतम पर धारा-323, 294, 506 और 34 में केस दर्ज किया है।