उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालु बाबा महाकाल के शृंगार के लिए प्रतिमाह चेन्नई से विभिन्न सामग्री भेजते हैं। दीपक कुमार और प्रवीण कुमार, जो चेन्नई में रहते हैं, बाबा महाकाल के अनन्य भक्त हैं, वे हर महीने इमिटेशन सामग्री, चंदन, इत्र और अन्य सामान भेजते हैं, जो मंदिर के रोजाना शृंगार में इस्तेमाल होते हैं।
कालों के काल बाबा महाकाल विश्व भर में प्रसिद्ध हैं। उनके इस ज्योतिर्लिंग पर प्रतिदिन देश विदेश के श्रद्धालु बाबा महाकाल का पूजन अर्चन और दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में धार्मिक नगरी उज्जैन आते हैं। यह श्रद्धालु श्री महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था की सराहना करने के साथ ही महाकालेश्वर मंदिर में चल रहे अन्नक्षेत्र, गौशाला के साथ ही मंदिर के उपयोग की सामग्री का दान भी करते हैं लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के ऐसे श्रद्धालु भी हैं जोकि प्रतिमाह भगवान महाकाल के शृंगार में उपयोग की जाने वाली सामग्री चेन्नई से मंदिर में भिजवाते हैं।
विज्ञापन
श्री महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चेन्नई में रहने वाले दीपक कुमार और प्रवीण कुमार बाबा महाकाल के अनन्य भक्त हैं, जो की प्रतिमाह बाबा महाकाल के शृंगार के लिए इमिटेशन सामग्री के साथ ही कभी चंदन कभी इत्र और कभी अन्य सामग्री भिजवाते रहते हैं। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि मंदिर में आने वाली यह सामग्री बाबा महाकाल के प्रतिदिन 6 बार होने वाले शृंगार में उपयोग में ली जाती है। जिसमें त्रिपुंड, मुकुट, नेत्रमय पलक, सूर्य, चंद्र, गणेश पेंडल, पगड़ी, ब्रोच, तिलक, बड़ा नेकलेस, कंठ मोती की माला, कुंडल सेट, नेकलेस आदि शामिल है।
बाबा महाकाल का शृंगार देख धन्य हो जाता हूं दीपक कुमार
बाबा महाकाल को प्रतिमाह चेन्नई से शृंगार सामग्री भेजने वाले दीपक कुमार और प्रवीण कुमार का कहना है कि हम बाबा महाकाल के भक्त हैं और हमारे दिन की शुरुआत उनके दर्शन और उनका नाम लेने के साथ ही होती है। बाबा महाकाल का ज्योतिर्लिंग एकमात्र ऐसा ज्योतिर्लिंग है जहां पर प्रतिदिन बाबा महाकाल अलग-अलग स्वरूपों में शृंगारित होते हैं। हमारे द्वारा भेजी जाने वाली सामग्री जब बाबा महाकाल के शृंगार के काम आती है तो हम अपने आपको धन्य महसूस करते हैं। इस सामग्री का उपयोग बाबा महाकाल के शृंगार के लिए होने पर हमें और भी ऊर्जा प्राप्त होती है कि हम बाबा महाकाल के श्रृंगार के लिए और भी अच्छी से अच्छी सामग्री मंदिर तक पहुंचाएं। यही कारण है कि हम प्रतिमा बाबा महाकाल के लिए न सिर्फ शृंगार सामग्री खोजते हैं बल्कि ऐसा प्रयास करते हैं जिससे यह सामग्री बाबा महाकाल को अर्पित हो सके।
विज्ञापन
वर्ष में एक बार जरूर आते हैं बाबा महाकाल के दर्शन करने
बाबा महाकाल को प्रतिमाह शृंगार सामग्री भेंट करने वाले दीपक कुमार व प्रवीण कुमार बताते हैं कि हम पर बाबा महाकाल की असीम कृपा है यही कारण है कि हमारे परिवार का एक सदस्य प्रतिवर्ष बाबा महाकाल का पूजन अर्चन और दर्शन करने जरूर आता हैं।