जानलेवा बन रहे टाटा के अधूरे काम
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में सीवरेज लाइन डालने के लिए टाटा कंपनी द्वारा किए गए अधूरे कामों का खामियाजा शहरवासियों को दुर्घटना के रूप में भुगतना पड़ रहा है। वैसे तो पूर्व में बेतरतीब रूप से किए गए कार्यों के कारण कुछ लोग मौत का शिकार हो चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी सीवरेज के इन गड्ढों को ठीक से नहीं भर पाने के कारण लगातार शहरवासी घायल हो रहे हैं।
फ्रीगंज स्थित मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले भरत परिहार निवासी राजीव नगर गुरुवार रात को बर्थडे पार्टी से अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी उज्जैन आगर मार्ग चिमनगंज मंडी के सामने टाटा कंपनी द्वारा खोदे गए गड्ढे के कारण उनकी मोटर साइकिल का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल भरत परिहार को राहगीरों की मदद से उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टाटा कंपनी द्वारा खोदे गए गड्ढे से मोटर साइकिल का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना के बाद अब देखना होगा कि निगम अधिकारी और जिम्मेदार टाटा कंपनी के खिलाफ आखिर क्या कार्रवाई करते हैं।