पांडाल की थीम को और खास बनाने के लिए नोट गिनने की मशीन, बहीखाता, कैलकुलेटर, लैपटॉप और तोल काटा भी सजावट में शामिल किए गए हैं। पांडाल को लगभग 100 व्यापारियों के सहयोग से एक करोड़ रुपये के आभूषणों से सजाया गया है।
मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में गणेश उत्सव का उत्साह चरम पर है। इस बार शहर के पटनी बाजार में सराफा यूथ फेडरेशन ने भगवान गणेश का एक ऐसा पांडाल सजाया है, जो न केवल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, बल्कि अपनी अनूठी थीम और भव्यता के लिए देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। भगवान श्री गणेश का यह अनोखा पांडाल है, जहां पर भगवान श्री गणेश आभूषण पहनकर व्यापारी बनकर बैठे हैं और भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।
विज्ञापन
यह पांडाल शहर में लगे अन्य श्री गणेश पांडाल से अलग इसीलिए भी है कि इसकी सुरक्षा के लिए दो सुरक्षाकर्मियों के साथ ही 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जोकि पांडाल पर आने वाले हर व्यक्ति पर अपनी निगरानी रख रहे हैं। पटनी बाजार क्षेत्र में सराफा यूथ फेडरेशन के माध्यम से भगवान श्री गणेश का पांडाल सजाया गया है। इस पांडाल में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विशालकाय तो विराजित नहीं की गई है, लेकिन भगवान श्री गणेश को व्यापारी के रूप में जरूर बैठाया गया है। इस आधुनिक युग में भगवान श्री गणेश के आसपास नोट गिनने की मशीन, बही खाता, कैलकुलेटर और लैपटॉप के साथ ही तोल काटा भी लगा हुआ है।
एक करोड़ के आभूषण से भगवान गणेश का पांडाल सजाया
सराफा यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष प्रशांत सोनी ने बताया की फेडरेशन के माध्यम से हर वर्ष ही भगवान श्री गणेश का पांडाल इसी तरह भव्य रूप से सजाया जाता है। पिछले वर्ष 11 लाख नोटों से भगवान श्री गणेश यह पांडाल सजाया गया था, जिसके बाद इस वर्ष भी एक करोड़ के आभूषण से भगवान गणेश का पांडाल सजाया गया है। बताया जाता है कि पटनी बाजार के लगभग 100 व्यापारियों ने मिलकर भगवान गणेश का यह पांडाल आभूषण से सजाया है। अभी सभी व्यापारियों से आभूषण लेकर भगवान गणेश के पांडाल में सजावट की गई है। अनंत चतुर्दशी के बाद यह आभूषण व्यापारियों को फिर से लौटा दिए जाएंगे।
ऐसी है सुरक्षा व्यवस्था
भगवान श्री गणेश के इस पांडाल की सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक चौबंद है। पांडाल के बाहर जहां दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। वहीं, पंडाल पर निगरानी रखने के लिए लगभग 32 कैमरे भी लगाए गए हैं, जोकि मंदिर में आने जाने वाले हर व्यक्ति पर निगाह रखे हुए हैं।
सौ व्यापारियों ने मिलकर किया शृंगार।
- फोटो : अमर उजाला
कल से होगा और भी भव्य शृंगार
सराफा यूथ फेडरेशन से जुड़े सुदर्शन सोनी ने बताया कि अभी भगवान श्री गणेश का शृंगार एक करोड़ रुपये के आभूषण से किया गया है, लेकिन तीन से पांच सितंबर तक इस पंडाल को तीन करोड़ रुपये के आभूषण से सजाया जाएगा। आभूषण में सोने के हार, कड़े, चेन कान की बाली के साथ ही अन्य आभूषण शामिल हैं।
इसीलिए श्री गणेश को बनाया व्यापारी
सराफा यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष प्रशांत सोनी ने बताया कि प्रतिदिन टैरिफ के बढ़ने घटने और सोने के भाव में होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण व्यापार करने में काफी परेशानी आती है। भगवान श्री गणेश हमारी समस्या को समझ सकें इसीलिए उन्हें सेठ बनाकर पांडाल में विराजमान किया गया है। जिससे कि उनके आशीर्वाद से व्यापार में आने वाली सभी समस्याएं दूर हो जाएं।