उज्जैन जिले के महिदपुर के ग्राम आलाखेड़ा में 2 दिनों से गायब एक महिला का शव मिलने से पुरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस मामले मे पुलिस अभी विवेचना कर रही है। दूसरी ओर मृतका के परिजनों का आरोप है कि महिला की हत्या की गई है। इस हत्या में महिला के परिजन उसके पति पर शक जता रहे हैं।
उक्त मामला राघवी थाना क्षेत्र के ग्राम आलाखेड़ा का है। यहां पर ईश्वरसिंह की पत्नी कैलाशबाई का शव उसी के खेत के पास मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि तीन मार्च को 11 बजे महिला के पति ईश्वरसिंह ने थाने पहुंचकर पत्नी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ईश्वर सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी दो मार्च की रात से फ्रेश होने का बोलकर गई थी। उसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। ईश्वरसिंह की जानकारी पर पुलिस ने महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले को जांच में लिया था।
महिला के परिजनों का आरोप है कि उसके पति ईश्वरसिंह ने कुछ लोगों के साथ मिलकर कैलाशबाई को मौत के घाट उतारा है। आरोप है कि उसके पति ईश्वर सिंह के एक महिला से नाजायज संबंध थे। इसकी जानकारी कैलाशबाई को लग गई थी। महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। परिजनों और ससुराल वालों से भी पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने का बाद ही कुछ खुलासा हो सकता है।
मृतका और उसके पति के बीच अक्सर होता था विवाद
महिला के परिजनों का कहना है कि पति ईश्वरसिंह का एक महिला के साथ नाजायज संबंध है। इसे लेकर कैलाशबाई और ईश्वर सिंह में अक्सर विवाद होता था। कैलाशबाई ने अपने मायके वालों को भी यह बात बताई थी। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर ईश्वर सिंह और कैलाशबाई में विवाद हुआ था। वहां सबने मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
कुएं की खुदाई के दौरान क्रेन टूटने से हादसा, मजदूर की गई जान
उज्जैन में कुआं खुदाई के दौरान मिट्टी निकालते समय क्रेन टूटने से हादसा हो गया। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुलाबखेड़ी में लक्ष्मण सिंह राजपूत के खेत में कुएं की खुदाई का कार्य चल रहा था। चालीस फीट गहरे कुएं से मिट्टी निकालने के लिए लिफ्टनुमा क्रेन लगाई गई थी। जिसके माध्यम से मजदूर ईश्वर पिता करण सिंह नीचे उतर रहा था। उसी दौरान पट्टा टूटने से गहराई में जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर उसे साथी मजदूरों ने बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है मामले की जांच की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।