Ujjain News: उज्जैन के चिमनगंज मंडी एरिया में 15 दिनों पूर्व दो लड़कों ने गिलास में रखकर रस्सी बम फोड़ा था, गिलास के टुकड़े बम फोड़ने वाले एक लड़के के पेट में जा घुसे थे, जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं बम फोड़ने वाले एक लड़के पर केस दर्ज किया गया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के सम्राट नगर में 15 दिन पहले दो लड़कों ने स्टील के गिलास में बम रखकर फोड़ा था। इस दौरान गिलास के टुकड़े लड़के पेट में फंस गए और वह गंभीर घायल हो गया। इंदौर में उसका उपचार चल रहा है। जांच के बाद पुलिस ने उसके साथी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने बताया कि 14 नवंबर को आगर रोड स्थित सम्राट नगर में अमन पिता फिरोज खान निवासी एकता नगर गया था। इस दौरान वहीं रहने वाले अपने दोस्त अरबाज उर्फ शक्कर के साथ मिलकर वह पटाखे छोड़ने लगा। पटाखे छोड़ने के दौरान दोनों लड़कों को खुराफात सूझी और उन्होंने स्टील के गिलास में रखकर रस्सी बम फोड़ दिया। बम फूटने के बाद स्टील के गिलास फट गया और उसके टुकड़े अमन के पेट में जा घुसे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे इंदौर रैफर कर दिया। बालक का इंदौर में उपचार चल रहा है। इधर पुलिस ने मामले में जांच की और कल रात घायल लड़के के दोस्त अरबाज के खिलाफ उसे घातक कदम के लिए उकसाने की धारा 336, 337 में कायमी कर ली। पुलिस ने बताया कि जल्द उक्त लड़के को गिरफ्तार किया जाएगा।