जवानों को सिखाया गया खुश रहकर कैसे करें ड्यूटी
- फोटो : अमर उजाला
तनाव के बीच पुलिस अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती है। जवानों पर एक ओर परिवार की जिम्मेदारी रहती है तो दूसरी ओर अपने कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने की जिम्मेदारी भी होती है। इन सभी के बीच तनाव मुक्त रहकर आखिर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किस प्रकार से किया जाए। इसी को लेकर होमगार्ड मैदान में 175 होमगार्ड जवानों की एक परेड का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठों ने उन्हें बताया कि जिम्मेदारियों का निर्वहन आखिर किस प्रकार से किया जाए।
होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया, होमगार्ड के 175 जवानों की सामान्य परेड लेकर उनके द्वारा किए गए प्रशंसनीय कार्यों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इसमें यातायात प्लाटून और महिला प्लाटून सहित कुल आठ प्लाटूंस ने हिस्सा लिया। परेड की कमान प्लाटून कमांडर देवी सिंह परते ने संभाली।
'तनाव में काम न करें, वरना रोगों से घिर जाएंगे'
पिछले दिनों बीमारी, तनाव या हृदय संबंधी रोगों के कारण सैनिकों की आकस्मिक मृत्यु की घटनाओं का उल्लेख करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि तनाव मुक्त रहकर, स्वस्थ दिनचर्या का पालन करते हुए, खुशनुमा माहौल में किस प्रकार ड्यूटी की जाती है। इस संबंध में उपस्थित जवानों को समझाइश दी गई।
'आय के कुछ अंश का सुरक्षित निवेश करें'
इस अवसर पर पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने होमगार्ड सैनिकों को अपनी आय का कुछ अंश सुरक्षित निवेश करने के लिए योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर प्लाटून कमांडर रूबी यादव, दिलीप बामनिया, हेमलता पाटीदार, गायत्री वर्मा, बीएल सारेल, भारत सिंह हारी और कार्यालय के कर्मचारीगण मौजूद रहे।